लखनऊ/दुबई। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े रियल एस्टेट घोटालों में से एक ‘शाइन सिटी’ (Shine City) मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। निवेश के नाम पर हजारों लोगों की गाढ़ी कमाई डकारने वाला भगोड़ा आर्थिक अपराधी राशिद नसीम संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों ने शुक्रवार को इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की पुष्टि की है, जिससे ठगी के शिकार हुए हजारों निवेशकों में न्याय की उम्मीद जगी है।
ED के ‘डिटेल्ड डोजियर’ ने दुबई में बिछाया जाल
राशिद नसीम लंबे समय से भारत से फरार होकर दुबई में छिपा बैठा था। उसे कानून के शिकंजे में लाने के लिए ईडी ने इस साल जनवरी में यूएई सरकार को एक विस्तृत डोजियर सौंपा था। इस डोजियर में नसीम के खिलाफ भारत में दर्ज 554 आपराधिक मामलों और मनी लॉन्ड्रिंग के पुख्ता सबूत दिए गए थे। इसी डोजियर के आधार पर दुबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया है। अब भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया तेज करेगी ताकि उसे लखनऊ लाया जा सके।
800 से 1000 करोड़ का साम्राज्य और 554 मुकदमे
शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर राशिद नसीम ने उत्तर प्रदेश में जालसाजी का एक मायाजाल बुन रखा था। जांच के मुताबिक, उसने लुभावनी रियल एस्टेट स्कीमों और मल्टी-लेवल मार्केटिंग के जरिए आम जनता से करीब 800 से 1000 करोड़ रुपये हड़प लिए। धोखाधड़ी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले यूपी में उसके खिलाफ 554 केस दर्ज हैं। पिछले साल अप्रैल में लखनऊ की स्पेशल PMLA कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
कुर्क हो चुकी है 127 करोड़ की संपत्ति
कानूनी कार्रवाई के तहत जांच एजेंसियां पहले ही राशिद नसीम की कमर तोड़ चुकी हैं। पिछले साल दिसंबर में कोर्ट के आदेश पर नसीम की 127.98 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई थी। ईडी की जांच में सामने आया कि समन जारी होने के बावजूद नसीम जांच में शामिल नहीं हुआ और नेपाल के रास्ते देश छोड़कर भाग गया था। फिलहाल, उसकी गिरफ्तारी को यूपी पुलिस और ईडी की एक बड़ी जीत माना जा रहा है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
