विश्व पर्यावरण दिवस के खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को पर्यावरण और सेहत से जुड़ी कई ऐतिहासिक सौगातें दी हैं। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने विश्व बैंक (World Bank) के सहयोग से चलने वाली भारत की पहली ‘एयर शेड आधारित उत्तर प्रदेश स्वच्छ वायु प्रबंधन परियोजना’ का शानदार शुभारंभ किया। ₹2,741 करोड़ की भारी-भरकम लागत वाली इस महापरियोजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की हवा को शुद्ध और प्रदूषण मुक्त बनाना है। इस दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में विश्व बैंक की एशिया क्षेत्र की प्रैक्टिस मैनेजर एन. जैनेट ग्लोबर और यूपी कैंप की सीईओ बी. चंद्रकला ने एमओयू (MoU) का आदान-प्रदान किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ महाभियान-2026 का हुआ आगाज
पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण महाभियान-2026 का बटन दबाकर आधिकारिक शुभारंभ किया। इस साल योगी सरकार ने प्रदेशभर में रिकॉर्ड 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने इस महाभियान के विशेष लोगो (Logo) और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के नए शुभंकर (Mascot) का भी अनावरण किया। इसके साथ ही यूपी कैंप (UP CAMP) के आधिकारिक लोगो और वेबसाइट को भी लाइव किया गया।
बलिया के ‘सुरहा ताल’ ने रचा इतिहास, बना देश का 100वां रामसर साइट
उत्तर प्रदेश के लिए एक और गौरवशाली क्षण तब आया जब बलिया जिले में स्थित प्रसिद्ध ‘सुरहा ताल’ को अंतरराष्ट्रीय महत्व के आर्द्रभूमि (Ramser Site) का दर्जा मिल गया। सुरहा ताल अब देश का 100वां और उत्तर प्रदेश का 13वां रामसर साइट बन गया है। सूबे के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का आधिकारिक प्रमाण पत्र मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा। इस मौके पर सीएम ने उत्तर प्रदेश के रामसर स्थलों से जुड़े विशेष डॉकेट और बुकलेट का भी विमोचन किया। इसके अलावा श्रावस्ती में स्थित ‘गुलरा’ (केन नाला) को बायोडायवर्सिटी हेरिटेज साइट के रूप में विकसित करने का बड़ा एलान किया गया।
100 वेटलैंड्स का डिजिटल पोर्टल लॉन्च, ग्राम प्रधानों को मिला सम्मान
पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की 100 महत्वपूर्ण आर्द्रभूमियों (Wetlands) की अधिसूचना से संबंधित संकलन और एक समर्पित ‘वेटलैंड पोर्टल’ को लॉन्च किया। इन आर्द्रभूमियों के संरक्षण में अहम भूमिका निभाने वाले 100 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया, जिनमें से छह ग्राम प्रधानों को मुख्यमंत्री ने खुद मंच पर सम्मानित किया:
-
राजकिशोर वर्मा (बाराबंकी)
-
मंटू सिंह (चित्रकूट)
-
मंशाराम (अयोध्या)
-
सुशील कुमार सिंह (बाराबंकी)
-
हरेंद्र सिंह (फर्रुखाबाद)
-
अनीता देवी (चंदौली)
प्रतियोगिता के विजेता बच्चों पर हुई इनामों की बौछार
यूपी कैंप के लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में राज्य के 100 स्कूलों के 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं, प्रोफेशनल्स और डिजाइनर्स ने हिस्सा लिया था। सीएम योगी ने मंच से इस प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया:
-
प्रथम पुरस्कार: माही रजा (कक्षा-7, ललितपुर) — ₹50,000
-
द्वितीय पुरस्कार: सुंबुल फातिमा (कक्षा-5, कन्नौज) — ₹25,000
-
तृतीय पुरस्कार: श्रद्धा (कक्षा-10, मीरजापुर) — ₹10,000
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें विशेष रूप से प्रतिभावान दिव्यांग छात्र भी शामिल रहे:
-
प्रथम पुरस्कार: अजय कुमार दुबे (दिव्यांग छात्र) — ₹25,000
-
द्वितीय पुरस्कार: सृष्टि शुक्ला — ₹15,000
-
तृतीय पुरस्कार: सुधाकर (दिव्यांग छात्र) — ₹10,000
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया