राम मंदिर दान चोरी: SIT रिपोर्ट में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोविंददेव गिरि पर गिरेगी गाज

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा और दान चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) अपनी अंतिम रिपोर्ट शनिवार तक शासन को सौंप सकती है। इस बार की अंतिम रिपोर्ट बेहद चौंकाने वाली हो सकती है, क्योंकि इसमें सिर्फ छोटे मोहरे ही नहीं, बल्कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कई बड़े और रसूखदार चेहरों की भूमिका का भी स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है।

अंतिम रिपोर्ट में बड़े चेहरों की जवाबदेही तय

शुरुआती जांच में भले ही किसी बड़े नाम पर सीधा एक्शन न दिखा हो, लेकिन सूत्रों के मुताबिक अंतिम रिपोर्ट में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि की भूमिका को गहराई से खंगाला गया है। इस रिपोर्ट में चढ़वा चोरी रोकने में नाकाम रहे सभी जिम्मेदार अधिकारियों और बैंक प्रबंधन की जवाबदेही तय की गई है।

चाबी से लेकर SOP विवाद पर चंपत राय का पलटवार

जांच में सामने आया कि दानपात्रों की चाबियां रमाशंकर यादव टिन्नू के पास रहती थीं, जो न तो ट्रस्ट और न ही बैंक द्वारा अधिकृत थे। इसके अलावा, दान गणना की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) पर ट्रस्टी अनिल मिश्रा और एसबीआई (SBI) के तत्कालीन चीफ मैनेजर के हस्ताक्षर हैं। पूर्व महासचिव चंपत राय ने SIT को पत्र लिखकर साफ किया है कि उन्हें इस SOP की जानकारी चोरी का खुलासा होने के बाद 13 जून को हुई थी। उन्होंने सीधा ठीकरा डॉ. अनिल मिश्रा पर फोड़ते हुए सवाल उठाया कि यह एसओपी इतनी जल्दबाजी में क्यों बनाई गई?

कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि की भूमिका की भी जांच

एसआईटी ने ट्रस्ट के बायलॉज (नियमों) के आधार पर वित्तीय प्रबंधन की कड़ाई से जांच की है। हालांकि, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि पहले ही कह चुके हैं कि बैंक खाते में पैसा आने के बाद की जिम्मेदारी उनकी है। नियमों के मुताबिक भुगतान के लिए अध्यक्ष, महासचिव या कोषाध्यक्ष में से किन्हीं दो के हस्ताक्षर होने चाहिए थे, लेकिन भुगतान आदेशों पर चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा हस्ताक्षर कर रहे थे। एसआईटी ने इन सभी वित्तीय दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर लिया है, जिसके बाद अब कई बड़े नामों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।

Check Also

UP Fuel Rate Today: यूपी में पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, लखनऊ से नोएडा तक जानिए आपके शहर में तेल सस्ता हुआ या महंगा?

उत्तर प्रदेश के वाहन चालकों और आम जनता के लिए आज की सुबह ईंधन के …