‘राजीव गांधी की मौत के बाद पार्टी भटक गई…’ जब वैजयंती माला ने कांग्रेस छोड़ सोनिया गांधी को लिखी थी तीखी चिट्ठी, लगाए थे बड़े आरोप

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री वैजयंती माला (Vyjayanthimala) का राजनीतिक सफर भी उनके फिल्मी करियर की तरह ही बेहद दिलचस्प रहा है। साल 1984 में राजनीति में कदम रखने वाली वैजयंती माला ने करीब डेढ़ दशक तक कांग्रेस में रहने के बाद साल 1999 में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा था, जिसकी चर्चा आज भी राजनीतिक गलियारों में होती है।

सोनिया गांधी को लिखे पत्र में बयां किया था दर्द

1999 में कांग्रेस को अलविदा कहते हुए वैजयंती माला ने सोनिया गांधी को एक पत्र भेजा था। इस पत्र में उन्होंने लिखा, “राजीव गांधी की मौत के बाद पार्टी को अपने सिद्धांतों से भटकते हुए देखना बेहद दुखद है। पार्टी ने जमीनी स्तर से अपना संपर्क खो दिया है और यह साफ देखा जा सकता है कि ईमानदार पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।” इस पत्र के बाद उन्होंने उसी साल भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था।

तंज कसने वालों की जीत से बंद की थी जुबान

वैजयंती माला साल 1984 में कांग्रेस में शामिल हुई थीं और उसी साल उन्होंने तमिलनाडु के आम चुनाव में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बड़ी जीत हासिल की। उस दौर में एक महिला के लिए संसद पहुंचना बड़ी चुनौती थी और उन्हें समाज की रूढ़िवादी धारणाओं और लोगों के तंज का सामना करना पड़ा। लेकिन, उन्होंने 1989 में दोबारा चुनाव जीता और 1993 में उन्हें 6 साल के कार्यकाल के लिए राज्यसभा के लिए नामित किया गया, जिससे उन्होंने आलोचकों की बोलती बंद कर दी।

सिनेमा में भी रहीं सुपरहिट, 13 की उम्र में शुरू किया सफर

राजनीति में आने से पहले वैजयंती माला ने भारतीय सिनेमा में एक अमिट छाप छोड़ी थी। उन्होंने महज 13 साल की उम्र में 1949 की तमिल फिल्म ‘वझकाई’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 1951 में फिल्म ‘बहार’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। ‘नागिन’, ‘देवदास’, ‘मधुमती’ और ‘संगम’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपने अभिनय और शानदार क्लासिकल डांस के दम पर वह हिंदी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार्स में शुमार हुईं।

Check Also

सोनम वांगचुक के सपोर्ट में उतरे ऋतिक रोशन, ‘सुपर 30’ को याद कर पेपर लीक और छात्रों के मानसिक तनाव पर कही ये बड़ी बात

लद्दाख के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) पिछले 21 दिनों से NEET-UG परीक्षा …