एडीलेड: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी से वह कारनामा कर दिखाया है, जिसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। एडीलेड के मैदान पर कंगारू गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मंधाना ने न केवल टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
विराट कोहली के ‘स्पेशल’ रिकॉर्ड की बराबरी
स्मृति मंधाना अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट (महिला और पुरुष दोनों में) में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 50 प्लस स्कोर बनाने वाली संयुक्त रूप से पहली बल्लेबाज बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने ‘किंग कोहली’ के रिकॉर्ड को छू लिया है। विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के खिलाफ टी20 में कुल 8 अर्धशतक जड़े हैं, और अब मंधाना ने भी ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के खिलाफ अपना आठवां अर्धशतक पूरा कर उनकी बराबरी कर ली है।
ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर मंधाना का ‘तिहरा’ राज
स्मृति मंधाना ने आज के मैच में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जो अब तक कोई भारतीय (महिला/पुरुष) नहीं कर पाया था। मंधाना अब ऑस्ट्रेलिया में जाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। आज की पारी में उन्होंने महज 55 गेंदों में 149.09 की स्ट्राइक रेट से 82 रन कूटे, जिसमें 8 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
सैकड़े से चूकीं, लेकिन बन गया अनोखा रिकॉर्ड
अपनी बल्लेबाजी के दौरान मंधाना जिस लय में दिख रही थीं, लग रहा था कि वह आज अपना शतक पूरा कर लेंगी। हालांकि, 82 रन पर आउट होने के साथ ही उनके नाम एक अनचाहा लेकिन दिलचस्प रिकॉर्ड जुड़ गया। मंधाना महिला टी20 इंटरनेशनल में 75 से 99 रन के बीच आउट होने वाली दुनिया की संयुक्त रूप से पहली बल्लेबाज बन गई हैं। वह अब तक 9 बार इस स्कोर रेंज (Nervous 80s/90s) में पवेलियन लौटी हैं, इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मनी की बराबरी की है।
एडीलेड में मंधाना की सुनामी
पारी का आगाज करने उतरीं स्मृति ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी इस विस्फोटक पारी ने यह साबित कर दिया कि क्यों उन्हें दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिना जाता है। मंधाना की इस पारी के दम पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने कड़ी चुनौती पेश की है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
