हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है, लेकिन जब बात ‘अधिकमास’ की पूर्णिमा की हो, तो इसका महत्व कई गुना बढ़ जाता है। अधिकमास, जिसे पुरुषोत्तम मास या मलमास भी कहा जाता है, हर तीन साल में एक बार आता है। इस बार ज्येष्ठ अधिकमास के चलते यह पूर्णिमा ‘सर्व सिद्धिदायनी’ मानी जा रही है। ऐसे में व्रती असमंजस में हैं कि व्रत कब रखें और दान कब करें। आइए जानते हैं पंचांग के अनुसार सही तिथियां और पुण्य कमाने के उपाय।
अधिकमास पूर्णिमा: सही तिथि और शुभ समय
पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि का आरंभ 30 मई 2026, शनिवार को सुबह 11:57 बजे हो रहा है, जो 31 मई 2026, रविवार को दोपहर 02:14 बजे तक रहेगी। शास्त्रों के नियम अनुसार, जिन व्रतों में चंद्रोदय का महत्व होता है, उन्हें उस दिन किया जाता है जब चंद्रोदय के समय पूर्णिमा तिथि विद्यमान हो।
व्रत और स्नान-दान कब करें?
अधिकमास पूर्णिमा का व्रत 30 मई 2026, शनिवार को रखा जाएगा। इस दिन चंद्रमा को अर्घ्य देना अत्यंत लाभकारी होता है, जिससे कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है और मानसिक शांति प्राप्त होती है। वहीं, यदि आप स्नान और दान का पुण्य लाभ लेना चाहते हैं, तो 31 मई 2026, रविवार को उदया तिथि में स्नान-दान करना सर्वोत्तम है। इस दिन ‘रवि योग’ का शुभ संयोग भी बन रहा है, जो आपके द्वारा किए गए दान के फल को कई गुना बढ़ा देगा।
अधिकमास पूर्णिमा पर दान का महात्म्य
शास्त्रों में अधिकमास की पूर्णिमा पर दान को यज्ञ के समान पुण्यदायी माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा पाने के लिए आप निम्नलिखित चीजों का दान कर सकते हैं:
-
मालपुए का दान: इस विशेष दिन मालपुए का दान करना बहुत शुभ माना जाता है।
-
अन्न और जल: प्यासे को जल पिलाना और जरूरतमंदों को अन्न का दान करना अक्षय पुण्य देता है।
-
वस्त्र दान: गरीबों या ब्राह्मणों को वस्त्र दान करना सुख-समृद्धि लाता है।
-
दीपदान: नदी तट या मंदिर में दीपदान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सकारात्मकता आती है।
-
गौ सेवा: गायों के लिए चारा खिलाना या उनका दान करना भाग्य को प्रबल बनाता है।
इस दिन किए गए धार्मिक कार्यों से न केवल पिछले पापों का नाश होता है, बल्कि घर में धन-धान्य की बरकत भी बनी रहती है। विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा करें और अपनी सामर्थ्य अनुसार दान देकर इस पावन तिथि का पूर्ण लाभ उठाएं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया