समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने छोटे भाई प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बुधवार सुबह लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रतीक से जुड़ी यादें साझा कीं और उनके संघर्षों का जिक्र किया। अखिलेश ने संकेत दिया कि प्रतीक अपने बिजनेस को लेकर कुछ समय से दबाव में थे, जो अक्सर कई कारोबारियों के लिए मानसिक तनाव का कारण बन जाता है।
“वह अपनी मेहनत से पहचान बनाना चाहता था”
अखिलेश यादव ने प्रतीक को याद करते हुए कहा कि वह एक बेहद होनहार और अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने वाला युवक था। सपा प्रमुख के अनुसार, “प्रतीक जीवन में अपनी मेहनत से कुछ बड़ा हासिल करना चाहता था। वह बचपन से ही फिटनेस के प्रति बहुत सजग था।” अखिलेश ने भावुक होते हुए कहा कि प्रतीक उनके परिवार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था और उसका जाना एक अपूर्णीय क्षति है।
बिजनेस में घाटा और मानसिक तनाव का जिक्र
मुलाकात का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने एक महत्वपूर्ण बात साझा की। उन्होंने बताया, “अक्सर लोग कारोबार में नुकसान होने के बाद बहुत दुखी हो जाते हैं। मैंने करीब दो महीने पहले जब उससे मुलाकात की थी, तो उसे अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने की सलाह दी थी।” अखिलेश के इस बयान से यह संकेत मिल रहे हैं कि प्रतीक यादव शायद अपने रियल एस्टेट या जिम बिजनेस में चल रही उथल-पुथल से परेशान थे, जिसने उनके स्वास्थ्य पर असर डाला होगा।
जांच और कानूनी प्रक्रिया पर अखिलेश का रुख
प्रतीक यादव की मौत की परिस्थितियों पर उठ रहे सवालों और सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा द्वारा हाई कोर्ट के जज से जांच की मांग पर अखिलेश यादव ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “जांच के मामले में कानून के मुताबिक जो भी प्रक्रिया होगी, वह पूरी की जाएगी। जो परिवार चाहेगा और जो कानून सम्मत होगा, वही कदम उठाए जाएंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि करीब 10 दिन पहले जब प्रतीक की तबीयत बिगड़ी थी, तब वह उनसे मेदांता अस्पताल में मिलने भी गए थे।
38 की उम्र में थम गईं सांसें
मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव मात्र 38 वर्ष के थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव, जो भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं, खबर मिलते ही दिल्ली से लखनऊ पहुंच चुकी हैं। यादव परिवार के इस सबसे छोटे सदस्य की विदाई ने न केवल कुनबे को, बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति को स्तब्ध कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी अखिलेश यादव ने ‘X’ के माध्यम से प्रतीक को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया