लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग ने मर्यादाओं की सीमा लांघ दी है। समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभालते हुए सांसद को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। सीएम ने इस कृत्य को न केवल ‘अक्षम्य’ बताया है, बल्कि इसे भारतीय लोकतंत्र पर गहरा आघात करार दिया है।
‘अशोभनीय और अक्षम्य’: सीएम योगी का तीखा प्रहार
सांसद के बिगड़े बोलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (Twitter) पर कड़े शब्दों में निंदा की। सीएम योगी ने लिखा, “विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है।” उन्होंने आगे कहा कि सपा सांसद का यह आचरण उनके ‘राजनीतिक कुसंस्कार’ और ‘वैचारिक दिवालियापन’ को उजागर करता है।
सपा सांसद के ‘विवादित बोल’ के पीछे क्या है वजह?
दरअसल, सोमवार को कलेक्ट्रेट में महंगाई और स्मार्ट मीटर जैसे मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान मीडिया से बात करते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और उनके पुराने अपीलों का जिक्र करते हुए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। सांसद यहीं नहीं रुके, उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए ईवीएम (EVM) में धांधली और वोटरों के नाम काटने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
भाजपा कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, फूंका पुतला
सांसद के बयान से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर शाम विरोध प्रदर्शन किया और सांसद का पुतला फूंका। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा और एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे सपा की ‘अनुशासनहीनता’ का सबूत बताया। भाजपा का कहना है कि एक सांसद को अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए और इस तरह की भाषा सार्वजनिक जीवन में स्वीकार्य नहीं है।
खेद जताने से सांसद का इनकार: “जो कहा, उस पर टिके हैं”
इतने बड़े विवाद के बावजूद सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें अपने बयान पर किसी भी प्रकार का कोई खेद (Regret) नहीं है। सांसद का तर्क है कि देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है और इसके लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि “नेतृत्व में खामियां हैं, इसलिए लोग अपने मन की बात कह रहे हैं।”
145 करोड़ देशवासियों का अपमान: योगी
सीएम योगी ने अपने बयान के अंत में इसे देश के जनादेश का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को मिला समर्थन देश की जनता का विश्वास है और ऐसी टिप्पणी उस विश्वास का अनादर है। योगी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर सही समय आने पर अवश्य देगी।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया