मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस 7’ की फर्स्ट रनर-अप रहीं तनीषा मुखर्जी ने सालों बाद इस रियलिटी शो को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। तनीषा ने एक हालिया इंटरव्यू में अपने सफर को ‘दर्दनाक’ (Traumatic) करार देते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने न सिर्फ शो के मेकर्स पर निशाना साधा, बल्कि यह भी साफ किया कि आखिर उनकी बहन काजोल और जीजा अजय देवगन उन्हें सपोर्ट करने शो के सेट पर क्यों नहीं आए थे।
‘मुफ्त में क्यों आएं मेरे परिवार वाले?’
अक्सर ‘बिग बॉस’ में कंटेस्टेंट्स के परिवार वाले उन्हें मोटिवेट करने आते हैं, लेकिन तनीषा के मामले में ऐसा नहीं हुआ था। इस पर बात करते हुए तनीषा ने ‘Mamaraazzi’ के साथ इंटरव्यू में बेबाकी से कहा, “मेरे परिवार के सदस्य बहुत बड़े सेलिब्रिटी हैं। वे बिग बॉस में जरूर आते, अगर मेकर्स उन्हें इसके लिए पैसे देने को तैयार होते। वे वहां मुफ्त में क्यों आएं? यह एक टीवी शो है और यहां हर किसी को काम के पैसे मिलते हैं।” उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया जिन्होंने उस वक्त उनके परिवार की गैर-मौजूदगी पर सवाल उठाए थे।
काजोल और अजय के नाम का हुआ गलत इस्तेमाल
तनीषा ने बताया कि शो के दौरान उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि अन्य कंटेस्टेंट्स सिर्फ स्क्रीन टाइम और फुटेज पाने के लिए उनकी बहन काजोल और अजय देवगन के नाम का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने कहा, “लोग जानबूझकर मेरे परिवार के पीछे पड़ गए थे। यहां तक कि चैनल ने भी कई बार मुझे मानसिक रूप से परेशान किया। उस अनुभव ने मुझे भविष्य के लिए बहुत सतर्क बना दिया है।”
‘बिग बॉस’ को बताया एक ‘ट्रॉमा बॉन्ड’
शो के अनुभव को याद करते हुए तनीषा काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने इसे भावनात्मक रूप से बेहद बुरा दौर बताया। उनके मुताबिक, “बिग बॉस के घर में बनने वाली दोस्ती असल में ‘ट्रॉमा बॉन्ड’ होती है। जब आप उस दर्दनाक स्थिति से बाहर निकलते हैं, तब आपको असलियत समझ आती है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी कई बातचीत सिर्फ इसलिए काट दी जाती थी क्योंकि वह अंग्रेजी में बात करती थीं।
वर्क फ्रंट पर क्या कर रही हैं तनीषा?
तनीषा मुखर्जी ‘नील एंड निक्की’, ‘टैंगो चार्ली’ और ‘सरकार’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रही हैं। फिल्मों के अलावा उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी 7’ और ‘झलक दिखला जा 11’ जैसे रियलिटी शोज में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। जल्द ही वह फिल्म ‘वीर मुरारबाजी: द बैटल ऑफ पुरंदर’ में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन अजय-अनिरुद्ध ने किया है।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया