अयोध्या में रामलला विराजे, अब मेरे कान्हा का मंदिर भी बनेगा, सत्य की होगी जीत : केशव मौर्य

बाँदा सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी जी द्वारा आयोजित श्री भक्त चरित्र कथा में पहुंचकर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यासपीठ को नमन किया तथा प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज का आशीष प्राप्त किया और उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया तत्पश्चात प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भक्ति का वातावरण समाज में संस्कार, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। जो लोग श्रद्धा और भक्ति भाव से कथा सुनते हैं, उनके जीवन में अच्छे विचारों और आदर्शों का संचार होता है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और भारतीय जनता पार्टी परिवार के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आयोजनों के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि मैं जानता हूं कि जो कथा सुनता है, वह कमल का बटन ही दबाता है।

श्री मौर्य ने कहा कि ‘राधे-राधे’ कहता हूं तो सामने से ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का उद्घोष सुनाई देता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कथा चल रही हो और श्रद्धालु पूरी तन्मयता से उसे सुन रहे हों, तब किसी राजनीतिक व्यक्ति को भाषण देने के बजाय कथा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने व्यासपीठ के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि पूज्य महाराज श्री बहुत अच्छी कथा सुना रहे हैं और यहां उपस्थित भक्तजन भावविभोर होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश और देश में धार्मिक आयोजनों का विस्तार हो रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक विरोधियों को इससे भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यदि श्री प्रकाश द्विवेदी जी कथा का आयोजन करा रहे हैं तो श्री अखिलेश यादव जी भी सैफई में कथा करा सकते हैं, हमें कोई आपत्ति नहीं है। धार्मिक आयोजन आस्था और संस्कृति से जुड़े हैं, इन्हें राजनीतिक विरोध का विषय नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में किसी को धार्मिक आयोजनों और धार्मिक यात्राओं में विघ्न डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। मेरे कान्हा का मंदिर भी बनेगा।

Check Also

नारी शक्ति को नया अधिकार 33 प्रतिशत आरक्षण एवं लोकसभा-विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि प्रस्ताव हेतु प्रधानमंत्री जी का आभार: केशव प्रसाद 

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग, लखनऊ …