मातृवियोग की इस अपूरणीय क्षति में प्रदेश की 25 करोड़ जनता मुख्यमंत्री जी के साथ: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज हरिद्वार (उत्तराखंड) में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी जी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए तथा पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है। मां का स्नेह, ममता, त्याग और आशीर्वाद संतान के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। मां को खोने की पीड़ा ऐसी है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है। इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त कर पाना मेरे लिए भी कठिन है।

श्री मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के लिए यह अत्यंत दुःख और वेदना की घड़ी है। मातृवियोग की इस अपूरणीय क्षति में उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता उनके साथ खड़ी है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक इस दुःख में सहभागी है और मुख्यमंत्री जी एवं उनके शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि मां द्वारा दिए गए संस्कार, जीवन मूल्य और उनका आशीर्वाद सदैव संतान का मार्गदर्शन करते हैं। पूजनीय माताजी की स्मृतियां और उनके दिए संस्कार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

Check Also

हुनर को सम्मान, युवाओं को नई पहचान-विकसित भारत की मजबूत नींव बन रहा उत्तर प्रदेश : केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन …