
हरियाणा के यमुनानगर जिले की अदालत ने मानवता को शर्मसार करने वाले एक जघन्य अपराध पर बेहद सख्त और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। जगाधरी स्थित फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पॉक्सो एक्ट) की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अग्रवाल ने सात वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और निर्मम हत्या के दोषी 31 वर्षीय नरेश राम को ‘मरते दम तक फांसी पर लटकाने’ (Death Sentence) की सजा का ऐलान किया है। अदालत ने इस पूरे प्रकरण को ‘रेयर ऑफ द रेयरेस्ट’ यानी दुर्लभतम से दुर्लभ श्रेणी का अपराध मानते हुए 80 पन्नों का विस्तृत फैसला सुनाया। उल्लेखनीय है कि देश में भारतीय न्याय संहिता (BNS) लागू होने के बाद हरियाणा राज्य में मृत्युदंड सुनाए जाने का यह दूसरा बड़ा मामला है। इसके साथ ही कोर्ट ने दोषी पर 55 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पीड़ित परिवार यानी बच्ची के माता-पिता को 15 लाख रुपये का मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
यह हृदयविदारक घटना यमुनानगर के थाना बूड़िया क्षेत्र में 18 सितंबर 2024 की सुबह घटित हुई थी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही गांव का मूल निवासी नरेश राम बूड़िया कस्बे के एक लेबर क्वार्टर में रहकर मजदूरी करता था। वारदात वाले दिन सुबह करीब 10 बजे सात साल की मासूम बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ घर के बाहर गुरुद्वारा साहिब के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी नरेश राम की नीयत बिगड़ गई और वह दोनों बच्चियों को अमरूद खिलाने का लालच देकर अपने साथ गुरुद्वारे के पीछे जंगल और खेतों की तरफ ले गया। रास्ते में बड़ी बहन को अनहोनी की आशंका हुई और वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर भाग निकली, लेकिन सात साल की मासूम उसके कब्जे में ही रह गई। घर पहुंचकर बड़ी बहन ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार और पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। अगले दिन पुलिस को गुरुद्वारे के पीछे धान के खेत से बच्ची का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दरिंदे ने मासूम के साथ दुष्कर्म करने के बाद कपड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को धान के पौधों के नीचे छिपा दिया था।
पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर 19 सितंबर 2024 को भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी नरेश राम को गिरफ्तार कर लिया था। जांच टीम ने महज डेढ़ महीने के भीतर 30 अक्टूबर 2024 को अदालत में चालान पेश किया और 16 दिसंबर 2024 को कोर्ट ने आरोपी पर आरोप तय किए। करीब दो साल और 27 दिनों तक चली इस कानूनी लड़ाई में कुल 70 तारीखें लगीं और अभियोजन पक्ष की ओर से 22 गवाहों के बयान तथा लगभग 20 ठोस वैज्ञानिक व परिस्थितिजन्य साक्ष्य पेश किए गए। इस मामले में गुरुद्वारा साहिब के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सबसे निर्णायक सबूत साबित हुई, जिसमें आरोपी दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा था। इसके अलावा फॉरेंसिक जांच में डीएनए रिपोर्ट का मिलान, घटनास्थल पर आरोपी के मोबाइल की लोकेशन, आरोपी की निशानदेही पर शव की बरामदगी और मृतका की बड़ी बहन की निडर गवाही ने दोषी के बचने के सारे रास्ते बंद कर दिए।
80 पन्नों के अपने ऐतिहासिक फैसले में न्यायाधीश रंजना अग्रवाल ने सर्वोच्च न्यायालय के ‘वसंता संपत दुपारे बनाम महाराष्ट्र राज्य’ और ‘पुरुषोत्तम दशरथ बोराटे बनाम महाराष्ट्र राज्य’ जैसे महत्वपूर्ण नजीरों का हवाला देते हुए कहा कि एक मासूम अबोध बच्ची के साथ की गई यह दरिंदगी समाज की सामूहिक चेतना को झकझोरने वाली है। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में लिखा कि ऐसे जघन्य अपराध के दोषी को मृत्युदंड देकर ही उस नन्हीं बच्ची को सच्चा न्याय दिलाया जा सकता है। वहीं पीड़ित पक्ष की ओर से पैरवी करने वाले अधिवक्ता शानू शर्मा ने अदालत के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में मजबूत सबूतों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मिली यह फांसी की सजा समाज में महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराध करने वाली मानसिकता के लोगों के मन में कानून का खौफ पैदा करेगी।
भारतीय न्यायिक व्यवस्था के प्रावधानों और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 407 के तहत सत्र न्यायालय द्वारा सुनाई गई किसी भी मृत्युदंड की सजा पर अमल से पहले उच्च न्यायालय की पुष्टि (Confirmation) अनिवार्य होती है। इसी नियम के अंतर्गत यमुनानगर की फास्ट ट्रैक पॉक्सो कोर्ट द्वारा सुनाई गई इस फांसी की सजा की फाइल अब पुष्टि के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ भेजी जाएगी। उच्च न्यायालय द्वारा निचली अदालत के फैसले और साक्ष्यों की समीक्षा कर मुहर लगाए जाने के बाद दोषी नरेश राम को फांसी के फंदे पर लटकाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल इस फैसले से पीड़ित परिवार और पूरे यमुनानगर क्षेत्र के लोगों ने न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संतोष जताया है।
The News 11 – ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया