
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 अक्टूबर को आयोजित विशेष रोजगार सृजन दिवस को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। जिन जनपदों में निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति अभी तक नहीं हो पाई है, वहां विशेष ध्यान देते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। इसके लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों के अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विशाल आबादी और ग्रामीण क्षेत्र की व्यापक आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश को रोजगार सृजन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई वीबी-जी राम जी योजना ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करने और गांवों में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ पात्र श्रमिकों को काम दिलाने तथा मजदूरी का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्का आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण संपर्क मार्ग, दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक सशक्तीकरण तथा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का समन्वित उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, महिलाओं की आय बढ़ाना और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
The News 11 – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया