उप मुख्यमंत्री ने ‘कुंभ का संगम’ फिल्म के ट्रेलर का किया अनावरण

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को प्रयागराज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रयागराज फिल्म महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर आयोजकों एवं फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महोत्सव में पावन गंगा आरती की भव्य एवं आध्यात्मिक प्रस्तुति ने प्रयागराज की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने फिल्म ‘कुंभ का संगम’ के आधिकारिक ट्रेलर का अनावरण किया। कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने श्री मौर्य को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ की वैश्विक पहचान वाला तीर्थराज है। कुंभ का संगम जैसी फिल्में महाकुंभ की दिव्यता, भारतीय संस्कृति और प्रयागराज के गौरवशाली इतिहास को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में फिल्म उद्योग के सुदृढ़ीकरण, स्थानीय प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और फिल्म निर्माण के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रतिबद्ध है।

श्री मौर्य ने विश्वास व्यक्त किया कि अंतरराष्ट्रीय प्रयागराज फिल्म महोत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही उत्तर प्रदेश को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य ने मदन मोहन मालवीय पार्क (मिंटो पार्क) में किया वृक्षारोपण, ऐतिहासिक स्मृतियों को किया नमन

केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय पार्क में वृक्षारोपण कर …