मुंबई: टेलीविजन की ‘अंगूरी भाभी’ यानी शिल्पा शिंदे और फैशन दीवा हिना खान के बीच का छत्तीस का आंकड़ा जगजाहिर है। बिग बॉस के सीजन 11 से शुरू हुई इन दोनों अभिनेत्रियों की जंग साल 2026 में भी थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में शिल्पा शिंदे ने एक वीडियो जारी कर हिना खान पर सीधे तौर पर तीखा तंज कसा है। शिल्पा ने हिना से देश के मशहूर ‘खान सर’ के सपोर्ट में आने की अपील की है और कहा है कि अगर हिना जैसी बड़ी सेलिब्रिटी आवाज उठाएगी, तो उसका असर बहुत ज्यादा होगा।
क्या है पूरा विवाद? क्यों आमने-सामने आईं हिना-शिल्पा
इस नए विवाद की जड़ें कुछ दिन पहले के एक मामले से जुड़ी हैं। दरअसल, शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए माना था कि उन्होंने सालों पहले ‘भाभी जी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर ‘झूठा’ सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया था। इस खुलासे के बाद शिल्पा को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
इसी बीच हिना खान ने खुलकर शिल्पा शिंदे का विरोध किया था और एक महिला द्वारा कानून का ऐसा गलत इस्तेमाल करने को बेहद शर्मनाक बताया था। हिना ने प्रोड्यूसर और उनके परिवार का समर्थन किया था। अब इसी बात का बदला लेते हुए शिल्पा ने हिना को एक नए मुद्दे पर घेर लिया है।
शिल्पा शिंदे का वीडियो—’मेरी अंग्रेजी अच्छी नहीं, इसलिए सामने आ गई’
शिल्पा शिंदे ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे कहती हैं, “हेलो दोस्तों, मैं फिर से आ गई हूं। हां, मेरी अंग्रेजी अच्छी नहीं है, अच्छी क्या मुझे बिल्कुल नहीं आती है। इतना लंबा-लंबा मैं सोशल मीडिया पर लिखकर पोस्ट करूं, इससे अच्छा है कि मैं खुद कैमरे के सामने आ गई। मेरी शक्ल भी देखने जैसी है। मैं आज यहां किसी को न्याय दिलाने की बात करने आई हूं।”
‘खान सर’ का नाम लेकर हिना पर कसा तंज
वीडियो में शिल्पा शिंदे ने हिना खान का नाम लिए बिना उन पर सीधा निशाना साधा। शिल्पा ने कहा, “जो लोग मुझे सजा दिलवाने के लिए बड़े-बड़े बयान दे रहे थे और प्रोड्यूसर को न्याय दिलवाने के लिए आगे आ रहे थे, उन्हें मैं बोलती हूं कि अब आपका एक भी रुपया खर्च नहीं होगा। अब वक्त आ गया है कि आप एक सही और नेक इंसान के लिए लड़ें। खान सर के लिए आगे आइए, मैं भी आपके साथ हूं। पहले आप सब मिलकर खान सर को न्याय दिलाइए, उसके बाद मुझे आराम से सजा दिला देना।”
शिल्पा ने खान सर की तारीफ करते हुए आगे कहा, “हेड्स ऑफ टू हिम (खान सर)! वह बहुत ही बेहतरीन इंसान हैं और पूरा देश उनका काम देख चुका है। आज पूरी दुनिया उनके साथ खड़ी है और मैं भी खड़ी हूं। (हिना की तरफ इशारा करते हुए) आप जैसी बड़ी शख्सियत अगर उनके लिए खड़ी होगी, तो सिस्टम पर कितना जोर पड़ेगा। जिन लोगों ने मुझे ‘दो कौड़ी’ का बोला है और जो खुद फूटी कौड़ी के हैं, वो अब लड़कर दिखाएं। मुझे पूरा भरोसा है कि आप खान सर के लिए न्याय की अपील जरूर करेंगी।”
बिग बॉस के दिनों से जारी है यह ‘कैट फाइट’
शिल्पा शिंदे और हिना खान का यह विवाद कोई नया नहीं है। दोनों ही मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 11’ की सबसे मजबूत कंटेस्टेंट्स थीं। शो के दौरान भी दोनों के बीच भारी झगड़े देखने को मिले थे। ग्रैंड फिनाले में शिल्पा शिंदे ने बाजी मारते हुए ट्रॉफी अपने नाम की थी, जबकि हिना खान फर्स्ट रनर-अप रही थीं।
हाल ही में जब हिना ने शिल्पा को आड़े हाथों लिया था, तब शिल्पा ने भी पलटवार करते हुए कहा था कि कुछ लोग पब्लिसिटी बटोरने के लिए सोशल मीडिया पर अपनी गंभीर बीमारियों और अपनों के निधन का सहारा लेते हैं और अब मेरे नाम पर लाइमलाइट बटोर रहे हैं। फिलहाल, खान सर के मुद्दे पर शिल्पा की इस खुली चुनौती का हिना खान क्या जवाब देती हैं, इस पर पूरे टीवी कॉरिडोर की नजरें टिकी हुई हैं।
The News 11 – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया